पथ के साथी

Wednesday, March 2, 2016

622



 पुष्पा मेहरा 
1
हँस हँस कलिका डोलती, भौंरे पियें पराग ।
अल्हड़ बाला ये हवा , गाये बिरहा फाग ।।              
2
हवा फागुनी चल रही, मनवा हुआ अधीर
तन पे  लिपटी धूल को, लेता मान अबीर ।।
3  
रंग- भरी पिचकारियाँ, भरतीं मन में रंग ।
बृज की होली खेलते,श्याम गोपियों संग ।।
4
राग- कपट की होलिका ,बैठी पाँव पसार ।
 जा दिन ये दोनों जलें,जग पावे निस्तार।।
5        
श्याम रंग में मैं रमी, नाना रंगों- बीच ।
जल सिंचित पंकज रहे, सदा कीच के बीच ।।  
6
चोली दामन -से रहें , रंग रश्मि के साथ ।
आया फागुन रँग रहे , धरा -वधू के हाथ  ।।
7
तितली- मन उड़ता फिरा , दूर गाँव के छोर ।
महुआ के घट रीतकर , उड़ा सरों की ओर ।।
-0-
pushpa .mehra@gmail .com